कोरबा/पाली। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगानाला में एक नवजात शिशु को उसकी ही मां ने झोले में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि यह कदम उसने लोकलाज और अवैध संबंधों के डर से उठाया।
सुबह ग्रामीण किसान सत्ते सिंह मरकाम को अपने घर के पीछे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने जाकर देखा तो झाड़ियों में झोले के अंदर एक नवजात तड़पता हुआ मिला। मासूम के शरीर पर चींटियां और कीड़े रेंग रहे थे। यह दृश्य देखकर ग्रामीण भावुक हो उठे और तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नवजात को पाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे गहन चिकित्सा वार्ड (ICU) में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चे की देखभाल कर रही है। माना जा रहा है कि शिशु का जन्म बीती रात ही हुआ था।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला अवैध संबंधों का परिणाम हो सकता है, जिसके चलते मां ने समाज के डर से मासूम को इस निर्दयी तरीके से फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग को भी सूचना दी गई है, हालांकि उनकी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।











