कुसमुंडा: व्यापारियों के विरोध का असर, निगम अधिकारियों ने शुरू किया सड़क व जलभराव की समस्या का समाधान

कुसमुंडा: व्यापारियों के विरोध का असर, निगम अधिकारियों ने शुरू किया सड़क व जलभराव की समस्या का समाधान

कोरबा/कुसमुंडा। लंबे समय से सड़क और जलभराव की समस्या झेल रहे कुसमुंडा क्षेत्र के लोगों की आवाज आखिरकार शासन-प्रशासन तक पहुँच गई है। व्यापारी संघ द्वारा हाल ही में सड़क पर जमा गंदे पानी में स्नान कर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया गया था। इसके बाद नगर निगम के अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुँचे और समस्याओं का समाधान शुरू किया।व्यापारियों का कहना है कि जलभराव और जर्जर सड़कों के कारण न केवल आम नागरिक परेशान हैं बल्कि दुकानदारों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

इमली छापर चौक और चर्च परिसर के पास सड़कें तालाब जैसी दिख रही हैं, वहीं विकास नगर कुसमुंडा फोरलेन के एक हिस्से में लगभग 100 मीटर तक पानी भरा हुआ है। सर्विस रोड की स्थिति भी बेहद खराब है और जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे नज़र आते हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जब तक जनता सड़क पर उतरकर विरोध नहीं करती, तब तक प्रशासन हरकत में नहीं आता। व्यापारी संघ के आंदोलन के बाद आज निगम अधिकारियों की टीम जेसीबी मशीन के साथ पहुँची और पानी की निकासी का कार्य शुरू किया।

इस दौरान स्थानीय पार्षद सर्वमंगला जोन, मंडल अध्यक्ष, व्यापारी संघ पदाधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।गौरतलब है कि कुसमुंडा क्षेत्र में बीते एक दशक से सड़क और पुल निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। फोरलेन का काम पूरा न होने और ओवरब्रिज निर्माण अटक जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि प्रशासन जल्द ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकालेगा।

विरोध का देखें विडियो 👇👇👇