कोरबा। जिले के रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान में शराब में मिलावट कर बेचने के आरोप में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दुकान में कार्यरत 6 कर्मचारियों को हटा दिया गया है।
कार्रवाई की जद में आए कर्मचारियों में सुपरवाइजर विकास साहू, सूरज, लोकनाथ और सुजल समेत दो अन्य कर्मचारी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन पर शराब में मिलावट कर ग्राहकों को बेचने का आरोप था। विभागीय जांच के बाद सभी को तत्काल प्रभाव से दुकान से हटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ये सभी कर्मचारी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के हैं। यह कंपनी जिले की शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती का कार्य करती है। इस कंपनी पर पहले भी शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेन-देन के आरोप लग चुके हैं।
मामले में जिला आबकारी प्रभारी राकेश राठौर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने मीटिंग के बाद बात करने की बात कही। बाद में उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी शिव नायक से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे भी संपर्क नहीं हो पाया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रदेश के आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद की गई है। मंत्री ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मिलावटी शराब, अवैध बिक्री, शराब तस्करी और महुआ शराब के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
होली से पहले शराब में मिलावट का खेल उजागर: कोरबा के रामपुर शराब दुकान के 6 कर्मचारी हटाए गए











