गोवा से लौटा पति, पत्नी पर बरपाया कहर, मुड़धुवा गांव में सनसनीखेज हत्या

गोवा से लौटा पति, पत्नी पर बरपाया कहर, मुड़धुवा गांव में सनसनीखेज हत्या


कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। चरित्र पर संदेह को लेकर हुए घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और शोक का माहौल है।
गोवा से लौटा था आरोपी पति
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी का काम करता था। बीती रात वह अचानक अपने गांव स्थित घर लौटा। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी गीता तिर्की (36 वर्ष) के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
लकड़ी के डंडे से किया हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से पत्नी पर लगातार वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रह रही थी।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गांव में शोक और आक्रोश
इस निर्मम वारदात के बाद मुड़धुवा गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।