कोरबा में सनसनी: नहर की सफाई के दौरान मटके में मिला मासूम का शव, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा में सनसनी: नहर की सफाई के दौरान मटके में मिला मासूम का शव, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत नहर के तीन नंबर गेट पर सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सफाई कार्य के दौरान एक मटके के अंदर मासूम बच्चे का शव बरामद किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए।जानकारी के अनुसार, नहर की नियमित सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी की नजर एक मटके पर पड़ी, जिस पर सफेद कपड़ा बंधा हुआ था।

प्रारंभ में आशंका जताई गई कि मटके में पूजा सामग्री या अस्थियां हो सकती हैं, लेकिन जब मटका खोलकर देखा गया तो उसके अंदर बच्चे का शव मिला।घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर मामले की जांच शुरू की।

इस दौरान मौके पर मौजूद गंगाराम नामक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को शव निकालने में सहयोग किया।थाना प्रभारी ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है, वहीं मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव को मटके में रखकर नहर में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।इस घटना को लेकर क्षेत्र में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।