कोरबा में ट्रिपल राइडिंग पर पुलिस का शिकंजा, 96 दोपहिया वाहन चालान, ₹42 हजार का जुर्माना वसूला

कोरबा में ट्रिपल राइडिंग पर पुलिस का शिकंजा, 96 दोपहिया वाहन चालान, ₹42 हजार का जुर्माना वसूला


कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा विशेष शहरी चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत शहर और जिले के प्रमुख शहरी क्षेत्रों, व्यस्त चौराहों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस और थाना-चौकी स्टाफ द्वारा सघन जांच की गई। जांच के दौरान ट्रिपल राइडिंग करते पाए गए कुल 96 दोपहिया वाहनों पर चालान काटे गए।


अभियान में कटघोरा थाना क्षेत्र में 17, बालको क्षेत्र में 13 और कोटवाली क्षेत्र में 13 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इन सभी चालानों के माध्यम से पुलिस ने लगभग 42,000 रुपये का जुर्माना वसूल किया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रिपल राइडिंग मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ता है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। यह न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाएं। साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार के नियम उल्लंघन पर निरंतर और सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।