August 5, 2026

छत्तीसगढ़ बीएससी नर्सिंग प्रवेश 2025-26: CET में 10 परसेंटाइल पर भी मिलेगा एडमिशन, चिकित्सा शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला

Screenshot_20251230_142721_ImageSearchMan

छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रवेश नियमों में महत्वपूर्ण शिथिलता प्रदान की है।

अब कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 2025 में 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।यह निर्णय राज्य के नर्सिंग कॉलेजों में बड़ी संख्या में रिक्त पड़ी सीटों को भरने के उद्देश्य से लिया गया है।

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले निर्धारित न्यूनतम परसेंटाइल की शर्त को अस्थायी रूप से शिथिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सके।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला भारतीय उपचर्या परिषद (INC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जब पर्याप्त सीटें खाली रहीं, तब परिषद ने पात्रता मानदंडों में विशेष छूट देने की अनुमति दी।

विभाग के अनुसार यह रियायत केवल शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ही लागू होगी। आदेश में कहा गया है कि CET परीक्षा में 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे। बीएससी नर्सिंग में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है, जिसके भीतर सभी योग्य उम्मीदवारों को संबंधित नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह छूट छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम 2019 के अंतर्गत दी जा रही है। राज्य के सभी शासकीय एवं निजी नर्सिंग कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें और पात्र विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दें।-

You may have missed