राजधानी से सटे तिल्दा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 15 में एक युवक का खून से सना शव बरामद किया गया। रेत के ढेर पर पड़े शव को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। मृतक के पेट और सीने पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित यादव, निवासी नेवरा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल बना हुआ है।











