कोरबा में नशीली टेबलेट का बड़ा खुलासा: 998 टेबलेट के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई

कोरबा में नशीली टेबलेट का बड़ा खुलासा: 998 टेबलेट के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई

कोरबा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। करतला पुलिस ने नोनबिर्रा डेम के पास दबिश देकर चार युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 998 नग नशीली टेबलेट बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पूरे जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक नोनबिर्रा डेम रोड पर एक हीरो ग्रे कलर की मोटरसाइकिल (CG 12 BR 0660) से अवैध नशीली टेबलेट की बिक्री कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है —

साहिल उर्फ बॉबी (20 वर्ष) निवासी ग्राम नोनबिर्रा

राजू चौहान (38 वर्ष) निवासी सिलयारीभांठा

इकबाल अली (38 वर्ष) निवासी ग्राम गिरारी

सिराज खान (22 वर्ष) निवासी ग्राम नोनबिर्रा

चारों के कब्जे से करीब 998 नग नशीली टेबलेट जब्त की गई। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। संभावना है कि इनके खिलाफ पहले से भी नशे के कारोबार से जुड़े मामले दर्ज हों।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये नशीली दवाएं कहां से लाई जा रही थीं और किन नेटवर्क से जुड़ी हैं। इस घटना के बाद नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने ड्रग विभाग को भी इस मामले में सक्रिय भूमिका निभाने और जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में कोरबा पुलिस ने कई नशे के सौदागरों को पकड़कर जेल भेजा है।