CG Liquor Scam: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड फिर बढ़ी, अब 12 नवंबर तक रहेंगे जेल में

CG Liquor Scam: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड फिर बढ़ी, अब 12 नवंबर तक रहेंगे जेल में

रायपुर: छत्तीसगढ़ के चर्चित CG Liquor Scam (शराब घोटाला) मामले में बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड एक बार फिर बढ़ा दी गई है। कोर्ट के आदेश के अनुसार अब चैतन्य बघेल 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल में रहेंगे।

दरअसल, रिमांड अवधि खत्म होने के बाद आज चैतन्य बघेल को अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनकी रिमांड बढ़ाने का फैसला सुनाया। इसके साथ ही इस मामले के एक अन्य आरोपी निरंजन दास को भी राहत नहीं मिली है। अदालत ने उनके संबंध में भी किसी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया।

बता दें कि ED (Enforcement Directorate) ने 18 जुलाई 2025 को चैतन्य बघेल को मनी लॉन्ड्रिंग और छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया था।

प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, चैतन्य बघेल ने 16.70 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को अपने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश किया। आरोप है कि यह रकम नकद में ठेकेदारों को भुगतान, फर्जी बैंक एंट्री और फ्लैट खरीद के बहाने इस्तेमाल की गई।

इसके अलावा, चैतन्य पर त्रिलोक सिंह ढिल्लो के साथ मिलकर “विट्ठलपुरम” नामक परियोजना में फर्जी फ्लैट खरीद की योजना बनाकर करीब 5 करोड़ रुपये हासिल करने का भी आरोप है। इन फ्लैटों को त्रिलोक सिंह ढिल्लो के कर्मचारियों के नाम पर खरीदा गया था, लेकिन असली लाभार्थी चैतन्य बघेल ही बताए जा रहे हैं।