Raipur News: तेलीबांधा में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ी गई, शहर में तनाव – मुख्यमंत्री बोले, “यह छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर हमला”

Raipur News: तेलीबांधा में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ी गई, शहर में तनाव – मुख्यमंत्री बोले, “यह छत्तीसगढ़ की अस्मिता पर हमला”

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ की घटना ने पूरे शहर में आक्रोश और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सदस्य VIP चौक पर एकत्रित हो गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से इलाके में ट्रैफिक जाम लग गया और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को सामान्य किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि मूर्ति तोड़ने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।

इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि — “छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति पर हमला, प्रदेश की अस्मिता पर हमला है। दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।