कोरबा। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र में “फिट इंडिया अभियान” के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित इंदिरा स्टेडियम से हुआ, जहां मुख्य अतिथि प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर क्रमिक प्रबंधक वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में केंद्रीय विद्यालय और डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हुए फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर साइकिल चलाते हुए “फिट इंडिया – ग्रीन इंडिया” और “साइकिल चलाओ – प्रदूषण हटाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान क्रमिक प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि “साइकिल चलाना न केवल एक उत्कृष्ट व्यायाम है बल्कि स्वच्छ पर्यावरण के लिए भी आवश्यक कदम है। यह शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ प्रदूषण घटाने का सरल तरीका है।” उन्होंने आगे कहा कि “साइकिल रैली का उद्देश्य जनमानस में स्वास्थ्य के प्रति सजगता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।”











