Korba News: छठ पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क, घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम

Korba News: छठ पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन सतर्क, घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम

कोरबा। आगामी छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। नगर के प्रमुख छठ घाटों का सौंदर्यीकरण किया गया है। प्रशासन की ओर से घाटों की सफाई, रंग-रोगन, लाइटिंग और वाहन पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से सूर्य अर्घ्य अर्पित कर सकें।

साथ ही, कोरबा पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल, यातायात पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की है। बड़े छठ घाटों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां से समय-समय पर सुरक्षा संबंधी घोषणाएं की जाएंगी।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पूजा के दौरान गहरे पानी में न जाएं, बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, और वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। साथ ही, जेबकतरों और उठाईगिरी करने वालों से सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।

छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था हेतु विशेष निर्देश जारी किए गए हैं—

➡️ दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक
➡️ दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः 3:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक

इन अवधि के दौरान कोरबा, बालको, दर्री, दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार नगर क्षेत्रों में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए शांति, श्रद्धा और सौहार्द के साथ छठ पर्व मनाएं।