महिला वनडे विश्वकप 2025: भारत पहली बार बना विश्व चैंपियन, शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा का जलवा

महिला वनडे विश्वकप 2025: भारत पहली बार बना विश्व चैंपियन, शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा का जलवा

नवी मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया! महिला वनडे विश्वकप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस ऐतिहासिक जीत में शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन निर्णायक रहा। चोटिल प्रतिका रावल की जगह शामिल की गई शैफाली ने 78 गेंदों पर 87 रन की शानदार पारी खेली और गेंदबाजी में दो विकेट भी लिए। वहीं दीप्ति शर्मा ने 58 गेंदों पर 58 रन बनाते हुए पांच विकेट झटके, जिससे दक्षिण अफ्रीकी टीम पूरी तरह ढेर हो गई।


🏆 हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में सपना हुआ साकार

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम ने आखिरकार वो कर दिखाया जो पहले दो बार अधूरा रह गया था।

2005 में भारत पहली बार फाइनल में पहुंचा था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गया।

2017 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 9 रन से हार मिली थी।

लेकिन इस बार भारतीय टीम ने तीसरे प्रयास में इतिहास बदल दिया और ट्रॉफी अपने नाम की।


🌍 25 साल बाद मिला नया विश्व चैंपियन

महिला वनडे विश्वकप के इतिहास में यह पहली बार हुआ जब फाइनल में ना ऑस्ट्रेलिया थी, ना इंग्लैंड।
भारत ने यह खिताब जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
2000 में न्यूजीलैंड के बाद यह पहला मौका है जब किसी नई टीम ने विश्व कप जीता।

भारत अब महिला वनडे विश्वकप जीतने वाली चौथी टीम बन गई है।
इससे पहले —

ऑस्ट्रेलिया ने 7 बार,

इंग्लैंड ने 4 बार,

न्यूजीलैंड ने 1 बार खिताब जीता था।

भारत पहली एशियाई टीम बनी जिसने यह उपलब्धि हासिल की है।


🌟 पीएम मोदी और सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा —

“भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत! फाइनल में टीम का प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा रहा। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी बधाई देते हुए कहा —

“महिला खिलाड़ियों ने अपने समर्पण और अनुशासन से देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है।”