CG Open School Board Exam 2026: 10वीं-12वीं बोर्ड का टाइम टेबल जारी, 16 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

CG Open School Board Exam 2026: 10वीं-12वीं बोर्ड का टाइम टेबल जारी, 16 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

रायपुर। Chhattisgarh State Open School ने वर्ष 2026 के लिए कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की यह परीक्षाएं मार्च–अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा 16 मार्च 2026 से शुरू होगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 17 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार छात्रों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अपनी सीट ग्रहण करनी होगी। इसके बाद 8:35 बजे उत्तरपुस्तिका वितरण, 8:40 बजे प्रश्न पत्र वितरण और 8:45 बजे से 11:45 बजे तक उत्तर लेखन कार्य होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि परीक्षा के दौरान शासन या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। हालांकि विशेष परिस्थितियों में बोर्ड परीक्षा तिथियों में परिवर्तन कर सकता है।
प्रायोगिक परीक्षा की भी दी जानकारी
ओपन स्कूल बोर्ड ने टाइम टेबल के साथ प्रायोगिक परीक्षाओं की जानकारी भी जारी की है। परीक्षा केंद्राध्यक्ष 8 अप्रैल 2026 तक प्रायोगिक परीक्षाएं अपने सुविधा अनुसार आयोजित करा सकेंगे।
सैद्धांतिक परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रायोगिक परीक्षा की तिथि की सूचना दी जाएगी। छात्र प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने परीक्षा केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।