कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की वरिष्ठ एवं सम्माननीय नागरिक हेमा शर्मा को उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कोरबा जिला महिला मोर्चा में मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके इस मनोनयन से क्षेत्र के लोगों और सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है।
हेमा शर्मा वर्तमान में शिशु मंदिर कुसमुंडा, गेवरा बस्ती में आचार्या के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देने के साथ-साथ वे विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी लगातार सक्रिय रहती हैं।
वे लीनेस निहारिका कुसमुंडा इकाई की अध्यक्ष हैं तथा मांई G फाउंडेशन में सचिव का दायित्व निभा रही हैं। यह संस्था महिलाओं के स्वावलंबन, सम्मान और रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के निर्माण एवं वितरण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करती है।
इसके अलावा हेमा शर्मा गौ सेवा समिति से जुड़कर पशु एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करती रहती हैं। जरूरतमंद और अभावग्रस्त लोगों की सहायता करना उनके व्यक्तित्व का अहम हिस्सा रहा है।
कोरोना काल के दौरान उन्होंने अपने विद्यालय को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर सहयोग की मिसाल भी पेश की थी।
हेमा शर्मा दिव्य ज्योति संस्था (मूक-बधिरों के लिए कार्यरत) तथा भारत विकास परिषद की भी सक्रिय सदस्य हैं। इसके साथ ही कुसमुंडा क्षेत्र के कई महिला मंडलों में भी वे सदस्य के रूप में सामाजिक कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
वे एक कुशल वक्ता और लेखिका भी हैं तथा पूर्व में कोरबा के एक न्यूज चैनल में समाचार वाचिका के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
बीजेपी कोरबा जिला महिला मोर्चा में मंत्री पद मिलने पर क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
समाजसेवा से राजनीति तक पहचान, हेमा शर्मा बनीं बीजेपी जिला महिला मोर्चा की मंत्री










