कोरबा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन दीवार ढही, 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत

कोरबा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन दीवार ढही, 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत

कोरबा में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कुछ बच्चे दीवार के पास खेल रहे थे और स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे। अचानक दीवार ढहने से आसपास खड़े लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में स्थानीय निवासी दो वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) सहित तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को मोहल्ले के लोगों ने मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

दीवार गिरने से एक ऑटो और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बस्तीवासियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।