कोरबा। 14 फरवरी को लीनेस कुसमुंडा निहारिका क्लब ने धर्म सेना संस्था के साथ मिलकर पुलवामा में शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा गेवरा बस्ती में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में रक्तदान के साथ-साथ निःशुल्क रक्त परीक्षण एवं रक्तचाप परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं को प्रमाणपत्र, फल एवं जूस प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सेवा कार्य का लाभ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
इस सराहनीय पहल के लिए क्लब एवं धर्म सेना संस्था की सभी ने प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपस्थित अभिभावकों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया तथा मातृ-पितृ पूजन दिवस भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सभी उपस्थितजनों ने पुलवामा में शहीद सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लीनेस क्लब की अध्यक्ष श्रीमती हेमा शर्मा एवं उनके समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों का विशेष योगदान रहा। साथ ही जूनियर क्लब सरस्वती की अध्यक्ष पूजा दीवान एवं उनके सहयोगियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। धर्म सेना संस्था की ओर से प्रमुख प्रकाश शर्मा एवं उनके साथियों के साथ विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री शांति लाल राठौर एवं समस्त विद्यालय परिवार का अमूल्य सहयोग प्राप्त हुआ।।









