कोरबा। औद्योगिक नगरी मां सर्वमंगला की पावन धरा पर श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत दिव्य श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रसिद्ध कथावाचक बाबा बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पांच दिवसीय कार्यक्रम ग्राम ढपढप में आयोजित होगा।
जानकारी के अनुसार हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर संभावित तिथि 28 मार्च से कथा प्रारंभ होगी। आयोजन की तैयारियां अपना घर सेवा आश्रम परिवार द्वारा जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
परंपरा अनुसार इस धार्मिक आयोजन का प्रथम निमंत्रण मां सर्वमंगला को अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा कथा की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।
इसी क्रम में सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास नया कार्यालय भी प्रारंभ किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के समन्वय में और अधिक सुविधा मिलेगी।
आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री हनुमंत कथा का श्रवण करें और पुण्यलाभ अर्जित करें। कथा के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार, राष्ट्रभाव और सनातन संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया है।
कोरबा में गूंजेगी श्री हनुमंत कथा – अगले माह आएंगे बाबा बागेश्वर











