August 11, 2026

रशियन हॉस्टल के पास लोहे का पुल काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260122-WA0073


कोरबा। रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का कोरबा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कुल 15 आरोपियों की पहचान की गई है, जिनमें से अन्य की तलाश जारी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में प्रार्थी द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 17.01.2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के रेलिंग/पुल को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया है।
शिकायत के आधार पर चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 53/2026, धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें साइबर सेल कोरबा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।
तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की। इनमें से 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर से लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से बरामद सामग्री:
01 टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन
01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
गैस कटर मशीन
ऑक्सीजन सिलेंडर
एलपीजी सिलेंडर
मोबाइल फोन
₹6,000 नगद
आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 05 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जब्त की गई
गिरफ्तार आरोपी:
लोचन केवट (20 वर्ष), निवासी – दशहरा मैदान के पीछे, 15 ब्लॉक
जयसिंह राजपूत (23 वर्ष), निवासी – दशहरा मैदान के पीछे, 15 ब्लॉक
मोती प्रजापति (27 वर्ष), निवासी – पम्पहाउस अटल आवास
सुमित साहू (19 वर्ष), निवासी – मैगजीनभांटा, साईं मंदिर के पास
केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर (22 वर्ष), निवासी – 15 ब्लॉक, झरनापारा
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल कोरबा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या चोरी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may have missed