कोरबा के कई इलाकों में अवैध स्क्रैप धंधा बेकाबू, शिकायत के बाद पुलिस पर उठे सवाल

कोरबा के कई इलाकों में अवैध स्क्रैप धंधा बेकाबू, शिकायत के बाद पुलिस पर उठे सवाल

कोरबा: जिले में अवैध कबाड़ व्यापार खुलेआम फल-फूल रहा है। इस पर रोक लगाने की मांग को लेकर समाजसेवी गुलाम मोहम्मद पिता हाजी जमीन ने कोरबा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने शिकायत में बताया कि जिले में कई जगह बिना अनुमति के कबाड़ दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां SECL, CSEB और NTPC सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से चोरी किए गए स्क्रैप की खरीद–फरोख्त की जा रही है।

गुलाम मोहम्मद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। मानिकपुर, इतवारी बाजार, दर्री, रजगामार, राताखार, खरमोरा समेत कई इलाकों में अवैध कबाड़ का धंधा बेरोक-टोक जारी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना एवं चौकी स्तर पर कार्रवाई नगण्य है, जिससे अवैध कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ रहा। इस वजह से शासन को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समाजसेवी ने प्रशासन से इस गैरकानूनी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई करने और कबाड़ चोरी की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।