कोरबा: ग्रामीण इलाकों में आपराधिक घटनाएं बढ़ीं, बालको क्षेत्र के तराईडांड़ गांव में हथियारबंद डकैती से दहशत

कोरबा: ग्रामीण इलाकों में आपराधिक घटनाएं बढ़ीं, बालको क्षेत्र के तराईडांड़ गांव में हथियारबंद डकैती से दहशत

कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध का सिलसिला लगातार जारी है। ताज़ा मामला बालको थाना क्षेत्र के सोनगुड़ा अंतर्गत ग्राम तराईडांड़ का है, जहां देर रात हथियारबंद डकैतों ने एक किराना व्यापारी के घर में धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। करीब 1 बजे हुए इस हमले में लगभग 15 से 18 बदमाश शामिल थे, जिन्होंने घर में घुसते ही सभी सदस्यों को रस्सी से बांध दिया।

“सौम्या चौरसिया के पैसे कहां रखे हैं?”

जानकारी के अनुसार, डकैतों ने कट्टा अड़ाकर परिवार से बार-बार पूछा—“सौम्या चौरसिया के पैसे कहां रखे हैं?” यह सवाल सुनकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी लेकर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान लूट लिया। अनुमान है कि कुल मिलाकर लाखों का माल डकैत ले भागे।

सुबह पुलिस प्रशासन में हड़कंप

सुबह मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई। आलाधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। हालांकि अभी तक पुलिस को गिरोह के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

किराना व्यापारी का घर बना निशाना

पीड़ित शत्रुघ्न दास महंत किसान होने के साथ किराना दुकान संचालित करते हैं। दैनिक दिनचर्या पूरी कर वे रात में परिवार सहित सो गए थे। दरवाजा खटखटाने की आवाज पर उन्होंने जैसे ही दरवाजा खोला, हथियारबंद डकैत अंदर घुस आए और उन्हें काबू में कर लिया।

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद तराईडांड़ सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाका बंदी की है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।