कुसमुंडा में तहसीलदारों पर हमला: 6 युवकों ने की बेरहमी से पिटाई, 4 गिरफ्तार – जानिए पूरी कहानी

कुसमुंडा में तहसीलदारों पर हमला: 6 युवकों ने की बेरहमी से पिटाई, 4 गिरफ्तार – जानिए पूरी कहानी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में मंगलवार रात दो तहसीलदारों पर छह युवकों ने मिलकर हमला कर दिया। दोनों अधिकारियों की जमकर पिटाई की गई, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपका तहसीलदार अमित केरकेट्टा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानू मंगलवार रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच आदर्श नगर स्थित रमेश जेंट्स ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे।

घटना स्थल की तस्वीर

इसी दौरान कुछ नशे में धुत युवक मौके पर पहुंचे और तहसीलदार के ड्राइवर से पार्किंग को लेकर विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर दोनों तहसीलदार सैलून से बाहर निकले और युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बिगड़ गई। युवकों ने अचानक दोनों अधिकारियों पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों तहसीलदारों को खून से लथपथ हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों — पुनेश, बबन, और हितेश सारथी — को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी हितेश सारथी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं घायल तहसीलदारों की हालत स्थिर बताई जा रही है।