कोरबा। दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम आमापाली (ग्राम पंचायत तिलकेजा) में हुए इस हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। युवक की पहचान मनोज प्रजापति के रूप में हुई है, जो गुपचुप का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पीछे वह अपनी पत्नी और 9 माह के मासूम बेटे को छोड़ गया है।
घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। मनोज सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित डबरी तालाब में नहाने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। तालाब किनारे उसके कपड़े मिले, लेकिन मनोज का कुछ पता नहीं चला। संदेह होने पर परिवार ने गांव के सरपंच और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (नगर सेना) और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब 9 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन चला, तब जाकर युवक का शव बरामद किया गया। अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन को बीच में रोकना पड़ा था, जिसे अगली सुबह फिर शुरू किया गया और शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।











