August 6, 2026

Bilaspur News: अजय चंद्राकर का तंज – “एक दिन का मुख्यमंत्री बनाकर पूरी कर देंगे सिंहदेव की हसरत”, TS बाबा बोले- मैं नायक फिल्म का अनिल कपूर बनने को तैयार

Screenshot_20251011_183818_Chrome

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की सियासत में फिर से हलचल मच गई है। पूर्व मंत्री और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने बिलासपुर प्रवास के दौरान टीएस सिंहदेव पर बड़ा तंज कसते हुए कहा कि “अगर सिंहदेव जी को मुख्यमंत्री बनने की इतनी हसरत है, तो हम उन्हें एक दिन के लिए सीएम साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे।”

चंद्राकर ने आगे कहा कि “हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, उन्हें यहीं पूरी कर लेनी चाहिए। कांग्रेस ने खुद सिंहदेव को धोखा दिया, फिफ्टी-फिफ्टी का समझौता था, जो निभाया नहीं गया। अगर टीएस बाबा अपनी राजशाही का थोड़ा हिस्सा बेच देते, तो शायद मुख्यमंत्री बन जाते।”

पूर्व मंत्री ने भूपेश बघेल गुट पर भी निशाना साधा और कहा कि “भूपेश के खास विधायक खुद कहते थे कि बाबा से जान का खतरा है। यही हाल पूरी कांग्रेस पार्टी का है।”

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि “कांग्रेस चाटने और काटने वाली पार्टी है। दिल्ली में जाकर एक परिवार की चाटते हैं और नीचे आकर एक-दूसरे को काटते हैं।”

वहीं, टीएस सिंहदेव ने भी इस बयान पर जवाब देते हुए कहा कि “अगर ऐसा मौका आता है, तो मैं नायक फिल्म के अनिल कपूर की तरह एक दिन के मुख्यमंत्री बनने को तैयार हूं।”

इस बयानबाजी से छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और आने वाले दिनों में राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना है।

You may have missed