कोरबा। जिला जेल कोरबा से फरार चौथे आरोपी चंद्रशेखर राठिया को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की लोकेशन हाटी (जिला रायगढ़) में मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी बाल्कोनगर निरीक्षक अभिनव कांत और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि 2 अगस्त 2025 को कोरबा जिला जेल से चार विचाराधीन बंदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें राजा कंवर, दशरथ सिदार, सरना सिंकू और चंद्रशेखर राठिया शामिल थे। इस घटना के बाद थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 466/25 धारा 262 बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की लगातार सर्चिंग के दौरान पहले ही तीन आरोपी – राजा कंवर और सरना सिंकू को रायगढ़ से तथा दशरथ सिदार को कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जबकि चौथा आरोपी चंद्रशेखर राठिया लंबे समय से फरार चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल से भागने के बाद वह धरमजयगढ़ रोड पर ट्रक रोककर अलग-अलग ट्रकों में बैठकर बनारस चला गया था। 13 सितंबर 2025 को घर लौटने के लिए हाटी पहुंचा, तभी पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कोरबा ने फरार आरोपियों की सूचना देने और पकड़वाने वालों को नगद इनाम देने की घोषणा भी की थी।











