August 5, 2026

Rajim Crime News: तीजा पर रखा व्रत बना मौत का कारण, पति ने पत्नी की हत्या कर थाने में किया सरेंडर

Screenshot_20250829_231450_Chrome(1)(1)(1)(1)(1)

रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकरो गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक महिला ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए तीजा का व्रत रखा, लेकिन उसी पति ने अगले ही दिन बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। आरोपी पति खून से सना लोहे का रॉड लेकर सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने कबूल किया – “मैंने अपनी पत्नी को मार डाला, मुझे गिरफ्तार कर लो।”

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, टोकरो गांव निवासी मुकेश सेन अपनी पत्नी प्रियंका सेन के चरित्र पर शक करता था। तीजा के मौके पर प्रियंका अपने मायके में रह रही थी। उपवास खत्म होने के बाद आरोपी मायके पहुंचा और पिता से डर का बहाना बनाकर पत्नी को घर ले आया।

27 अगस्त की रात करीब 10 बजे दोनों के बीच पति-पत्नी का विवाद शुरू हो गया। पहले आपसी संबंध बनाने के बाद आरोपी ने पत्नी से अफेयर को लेकर सवाल-जवाब किए। गुस्से में आकर उसने कमरे में रखी लोहे की रॉड से प्रियंका पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में प्रियंका को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मायके वालों के गंभीर आरोप

मृतका के परिवार का आरोप है कि प्रियंका को लंबे समय से दहेज प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। पति और उसके परिवार वाले अक्सर मारपीट करते थे। दो बार प्रियंका मायके आकर अलग भी रह चुकी थी, लेकिन सामाजिक समझाइश के बाद उसे फिर से ससुराल भेजा गया।

आरोपी की गिरफ्तारी

हत्या के बाद आरोपी मुकेश सेन सीधे अभनपुर थाने पहुंचा और खून से सना रॉड पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

You may have missed