नाथद्वारा (राजस्थान): भारत और एशिया के शीर्ष उद्योगपति मुकेश अंबानी ने राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्रीनाथजी मंदिर के विकास के लिए बड़ा योगदान दिया है। अंबानी ने मंदिर में ₹15 करोड़ का दान देने के साथ ही लगभग ₹50 करोड़ की लागत से एक आधुनिक यात्री एवं वरिष्ठ सेवा सदन निर्माण की घोषणा की है। यह सेवा सदन अगले तीन वर्षों में तैयार किया जाएगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने श्रीनाथजी के दर्शन कर भोग-आरती में भाग लिया और पूज्य गुरु विशाल बावा साहेब से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे वैष्णव परंपरा और सनातन धर्म के अनुयायी हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस यह सेवा सदन तीर्थयात्रियों और वरिष्ठ भक्तों के लिए समर्पित होगा। यहां 100 से अधिक कमरे, 24 घंटे की मेडिकल सेवाएं, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी यूनिट, सत्संग हॉल और पुष्टिमार्ग की परंपरा पर आधारित भोजन व्यवस्था होगी।
इस परियोजना की देखरेख मुकेश अंबानी के छोटे पुत्र अनंत अंबानी करेंगे। इस पहल का उद्देश्य नाथद्वारा आने वाले श्रद्धालुओं को आरामदायक, सुरक्षित और भक्तिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।















