बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, 89 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, 89 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस

मुंबई। हिंदी सिनेमा के जिंदादिल सुपरस्टार धर्मेंद्र का आज निधन हो गया। 89 वर्षीय अभिनेता को सोमवार सुबह सांस लेने में तकलीफ के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

देओल परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने धर्मेंद्र की स्थिति को शुरू से ही क्रिटिकल बताया था और उन्हें लगातार 72 घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया। इस दौरान उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल अस्पताल के बाहर भावुक नजर आए। बॉबी देओल अपनी फिल्म अल्फा की शूटिंग बीच में छोड़कर मुंबई लौटे थे।

सोमवार देर रात अस्पताल के बाहर शाहरुख खान, सलमान खान, और कई अन्य बॉलीवुड सितारे धर्मेंद्र को देखने पहुंचे थे।

31 अक्टूबर को भी भर्ती हुए थे अस्पताल में

यह पहली बार नहीं था जब धर्मेंद्र को सांस लेने में दिक्कत के चलते अस्पताल ले जाया गया हो। 31 अक्टूबर को भी उन्हें ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। कुछ घंटों के इलाज के बाद उनकी तबीयत सुधरने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।

कॉर्निया ट्रांसप्लांट और हेल्थ इश्यूज

इसी साल की शुरुआत में धर्मेंद्र की कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी (Keratoplasty) हुई थी। उनकी बाईं आंख की पारदर्शी परत डैमेज हो गई थी, जिसके बाद सफल ऑपरेशन किया गया था।
साल 2015 से 2020 के बीच उन्हें पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव, और थकान की समस्याओं के चलते कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ जल्द होगी रिलीज़

धर्मेंद्र जल्द ही अपनी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ (Ikkis) में नजर आएंगे। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान युद्ध के हीरो अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। इसमें अमिताभ बच्चन के नातिन अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि धर्मेंद्र ने उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल का किरदार निभाया है।

8 दिसंबर को मनाने वाले थे 90वां जन्मदिन

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को नसराली (पंजाब) में हुआ था। वे आगामी 8 दिसंबर 2025 को 90 वर्ष के होने वाले थे।