November 13, 2026

कोरबा में रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराकर पलटी स्कॉर्पियो-N, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

1001899739-200kb

कोरबा, छत्तीसगढ़ | CGTMN News

कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शुक्रवार तड़के इंद्रानगर के पास स्कॉर्पियो-N के भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पेड़ से टकराकर कई बार पलटी स्कॉर्पियो

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बांकी मोंगरा से डेलवाडीह जाने वाले मार्ग पर इंद्रानगर के पास सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। स्कॉर्पियो-N क्रमांक CG 12 BY 3181 में दो युवक सवार थे। दोनों युवक चाकाबुड़ा-बुंदेली क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो कई बार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान दोनों युवक वाहन से कई मीटर दूर जा गिरे।

एक युवक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती

इस दुर्घटना में मृतक की पहचान रुपेश पटेल, निवासी चाकाबुड़ा के रूप में बताई जा रही है। वहीं, घायल युवक की पहचान आर्यन गोड़, निवासी ग्राम बुंदेली के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 18 वर्ष बताई जा रही है।

घटना के बाद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां रुपेश पटेल की मौत हो गई, वहीं घायल आर्यन गोड़ का उपचार जारी है।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

CGTMN News की अपील: वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, यातायात नियमों का पालन करें और विशेष रूप से रात तथा तड़के के समय सावधानी बरतें। आपकी थोड़ी-सी लापरवाही आपके और आपके परिवार के जीवन पर भारी पड़ सकती है।

नोट: हादसे से संबंधित जानकारी प्रारंभिक विवरण पर आधारित है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद आवश्यक संशोधन किया जा सकता है।

You may have missed