November 11, 2026

Korba News: कोरबा में ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित परिजनों ने किया प्रदर्शन

1001895152-200kb

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीडुग्गू रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर प्रदर्शन करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हादसे में 22 वर्षीय अमित सागर की मौत

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सीतामढ़ी हटरी निवासी अमित सागर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित अपनी स्कूटी से इमलीडुग्गू रेलवे फाटक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बेटे की मौत से परिवार में मातम, सड़क पर उतरे लोग

हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। इससे घटनास्थल पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

एसडीएम और कोतवाली पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी प्रेम साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए कोरबा एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों तथा स्थानीय लोगों से बातचीत की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने पर चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा शासन के नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सहमत हुए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कार्रवाई की गई। हादसे के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई और दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद सामने आएगी।

CGTMN News | कोरबा की हर जरूरी खबर सबसे पहले।

You may have missed