LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर: 15 अगस्त तक कराएं e-KYC, नहीं तो बंद हो सकती है गैस बुकिंग
नई दिल्ली | CGTMN News
देशभर के घरेलू एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। गैस कंपनियों ने 15 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की प्रक्रिया अनिवार्य कर दी है। यह व्यवस्था केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामान्य घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं पर भी लागू की गई है। यदि निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो घरेलू श्रेणी (सब्सिडी) पर गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रभावित हो सकती है।
गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं को समय रहते प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। विभिन्न तेल विपणन कंपनियां मोबाइल संदेश (SMS) के माध्यम से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने की जानकारी भेज रही हैं। वहीं गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले हॉकर भी घर-घर जाकर लोगों को निर्धारित समय सीमा से पहले सत्यापन पूरा कराने की सलाह दे रहे हैं, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गैस एजेंसियों का कहना है कि जैसे-जैसे 15 अगस्त की अंतिम तिथि नजदीक आएगी, एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ सकती है। इसलिए अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराना बेहतर रहेगा।
कैसे कराएं e-KYC?
उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया काफी सरल रखी गई है। इसके लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं—
गैस एजेंसी जाकर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कराएं।
गैस सिलेंडर वितरण करने वाले हॉकर के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन।
नजदीकी राशन डीलर के पास उपलब्ध सुविधा का उपयोग।
My LPG और Aadhaar Face RD App के जरिए घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ई-केवाईसी।
15 अगस्त के बाद क्या होगा?
गैस एजेंसियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी निर्धारित समय तक पूरी नहीं होगी, उनके लिए गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। हालांकि, 15 अगस्त के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए अंतिम व्यवस्था क्या होगी, इस संबंध में तेल विपणन कंपनियों की ओर से अभी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
ऐसे में सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे बिना देरी किए अपनी ई-केवाईसी समय पर पूरी करा लें, ताकि गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।






