कुसमुंडा में धूमधाम से मनाया गया सावन उत्सव, पिंकी प्रजापति बनीं ‘सावन क्वीन’
कोरबा/कुसमुंडा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आदर्श नगर कुसमुंडा स्थित सामुदायिक भवन में स्वतंत्र महिला मंडल के तत्वावधान में सावन उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

सावन उत्सव के दौरान नृत्य, गायन, खेलकूद, बेस्ट कॉस्ट्यूम सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन में उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, पारंपरिक वेशभूषा, प्रस्तुति एवं व्यक्तित्व के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में पिंकी प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं भारती यादव द्वितीय तथा लीला लकरा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर बधाई दी गई।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 23 की पार्षद बालकी कुजूर एवं वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद आशा साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को सावन उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। साथ ही महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतर मंच भी उपलब्ध कराते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वतंत्र महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मंजू निराला, उपाध्यक्ष श्रीमती पिंकी प्रजापति, सचिव स्नेहा सिंह राजपूत, सांस्कृतिक कार्यकर्ता यशोदा बिष्ट, मीडिया प्रभारी मधु साहू, किरण कंवर सहित महिला मंडल की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शांति मंजवार, लीला लकरा, रानू खूंटे, कुंती तिवारी, संगीता तिवारी, संगीता महतो, संगीता महंत, आरती कश्यप, शारदा यादव, सुनिधि ठाकुर, भारती यादव, स्नेह मंजवार, फुलेश्वरी, कृष्णा सिंह, रितु सिंह, वसुंधरा सिंह, ज्योति सिंह, अर्पिता, मनीषा प्रजापति सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करने और सावन पर्व की शुभकामनाओं के साथ हुआ। आयोजन में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।






