बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात: पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी की गला काटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बालोद में दिल दहला देने वाली वारदात: पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी की गला काटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नेवारीकला गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद और दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी ने कथित तौर पर अपने पति की दूसरी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

दूसरी शादी से नाराज थी पहली पत्नी

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 47 वर्षीय दयाबाई सोनकर के रूप में हुई है। उसके पति चिम्मनलाल साहू की पहली शादी अमृत बाई साहू से हुई थी, जिनसे उसके दो बेटे हैं। करीब पांच वर्ष पहले चिम्मनलाल ने दयाबाई से भी विवाह कर लिया था। दयाबाई के भी दो बेटे हैं।

बताया जा रहा है कि दूसरी शादी के बाद से अमृत बाई इस रिश्ते से नाराज रहती थी। उसे लगता था कि उसका पति दयाबाई को अधिक महत्व देता है, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

रात में सोते समय किया हमला

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे, जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तब अमृत बाई ने कथित रूप से दयाबाई पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसने गर्दन पर वार किया और फिर गन्ना काटने वाली आरी से गला काट दिया।

वारदात के बाद कपड़े बदलकर लौटी

पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से भाग गई, कपड़े बदले और कुछ देर बाद वापस लौट आई ताकि किसी को उस पर शक न हो।

सुबह मिला खून से लथपथ शव

मंगलवार सुबह करीब 4 बजे जब परिजन जागे तो दयाबाई का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।

पूछताछ में खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

जांच और पूछताछ के दौरान मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमृत बाई साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।