कोरबा में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हथियारबंद लूट, महिला बनकर पहुंचे बदमाश, मिर्च पाउडर झोंककर वारदात को दिया अंजाम

कोरबा में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हथियारबंद लूट, महिला बनकर पहुंचे बदमाश, मिर्च पाउडर झोंककर वारदात को दिया अंजाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। छुरी स्थित राज ज्वैलर्स में तीन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलते हुए लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।

महिला के भेष में पहुंचा मुख्य आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लुटेरों में से एक बदमाश सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में दुकान के अंदर पहुंचा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। तीनों पहले ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही।

मिर्च पाउडर फेंककर हथियारों के बल पर की लूट

जैसे ही दुकान के कर्मचारी जेवरात दिखाने लगे, बदमाशों ने अचानक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद कट्टा और धारदार चाकू निकालकर कर्मचारियों को धमकाया और काउंटर पर रखे जेवरात समेटने लगे। अचानक हुई इस वारदात से दुकान में अफरा-तफरी मच गई।

घबराहट में नकली ज्वेलरी भी ले गए बदमाश

बताया जा रहा है कि जल्दबाजी और दहशत के माहौल में बदमाश असली और नकली जेवरातों में अंतर नहीं कर पाए। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ वे बड़ी मात्रा में आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी भी अपने साथ ले गए।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर जांच में जुटी हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।