कोरबा पुलिस महकमे में 24 घंटे में बड़ा फेरबदल, कोतवाली प्रभारी फिर बदले

कोरबा पुलिस महकमे में 24 घंटे में बड़ा फेरबदल, कोतवाली प्रभारी फिर बदले

कोरबा। कोरबा पुलिस महकमे में थाना प्रभारियों की पदस्थापना को लेकर महज 24 घंटे के भीतर बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) भेज दिया गया है। वहीं निरीक्षक प्रमोद डडसेना को कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि बीते सोमवार को जारी तबादला आदेश में धर्म नारायण तिवारी को कटघोरा से स्थानांतरित कर कोतवाली थाना प्रभारी बनाया गया था। हालांकि अब एक दिन के भीतर ही आदेश में संशोधन कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इस अचानक हुए बदलाव ने पुलिस महकमे के साथ-साथ शहर में भी चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

कटघोरा क्षेत्र में अपनी प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए पहचाने जाने वाले निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी का 24 घंटे के भीतर कोतवाली से हटाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। वहीं प्रमोद डडसेना को कोतवाली की कमान सौंपे जाने के बाद पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राजनीतिक गलियारों और सामाजिक बुद्धिजीवियों के बीच भी इस फैसले को लेकर चर्चा का माहौल है। जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर पहले से उठ रहे सवालों के बीच थाना प्रभारियों के लगातार हो रहे बदलाव को भी अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।

हालांकि, इस फेरबदल को लेकर पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।