धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। 6 जून की दरमियानी रात करीब 1 बजे कथित रूप से वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ कहीं से लौट रहा था। इसी दौरान वाहन चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई, जिसके बाद युवक ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कुछ देर बाद अर्जुनी थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और युवक को थप्पड़ मार दिया। यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा दो डीएसपी स्तर के अधिकारियों की जांच टीम गठित की गई। हालांकि जांच के दौरान युवक का एक नया बयान सामने आया, जिसमें उसने थाना प्रभारी के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
युवक के बदले हुए बयान के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि क्या पुलिस और युवक के बीच किसी प्रकार का समझौता हुआ है, या फिर युवक पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया है। क्योंकि प्रारंभिक विवाद और वायरल वीडियो के बाद अचानक सामने आए बयान ने पूरे मामले को और अधिक संदेहास्पद बना दिया है।
फिलहाल जांच की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(नोट: यह समाचार वायरल वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। जांच रिपोर्ट आने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।)
TMN News | धमतरी











