डीजल चोरी कांड में एस .पी . सिद्धार्थ तिवारी की बड़ी कार्रवाई: साइबर सेल आरक्षक सहित 4 पुलिसकर्मी निलंबित
कोरबा/गेवरा-दीपका। कोयलांचल क्षेत्र में करोड़ों रुपये के बहुचर्चित डीजल चोरी मामले की जांच के बीच पुलिस विभाग में बड़ा भूचाल आ गया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले में संदिग्ध भूमिका और कर्तव्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत सिंह, कटघोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, बांकीमोंगरा थाना के प्रधान आरक्षक राजेश कंवर तथा आरक्षक रोहित राठौर शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से संचालित डीजल चोरी के नेटवर्क को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा जांच का दायरा बढ़ाया गया और विभिन्न पहलुओं पर गहन पड़ताल शुरू की गई।
जांच के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के साथ ही कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही भी सामने आई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बिना विलंब किए चारों पुलिसकर्मियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
एक साथ चार पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस विभाग फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटा हुआ है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून तोड़ने वालों के साथ-साथ लापरवाही बरतने अथवा संदिग्ध भूमिका निभाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बहुचर्चित डीजल चोरी कांड की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

