छत्तीसगढ़रायगढ़

छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार

रायगढ़। पूंजीपथरा पुलिस ने कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के शव के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड में आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष) निवासी ग्राम केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से एक संदिग्ध बाइक की जानकारी मिली। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल (30 वर्ष) निवासी ग्राम चारपारा, थाना एवं जिला सक्ती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने के कारण आरोपी परेशान था। आरोपी पहले से विवाहित होने के चलते उसने आराधना को रास्ते से हटाने की साजिश रची और हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।