कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: NTPC गेट नंबर-2 के पास स्कूटी सवार मामा की मौत, भांजा गंभीर

कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: NTPC गेट नंबर-2 के पास स्कूटी सवार मामा की मौत, भांजा गंभीर


कोरबा | जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला NTPC गेट नंबर-2 के पास का है, जहां एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार मामा-भांजे को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर लाटा निवासी प्रदीप कुमार इंदीवार (45 वर्ष) मंगलवार तड़के करीब 5:30 बजे अपने नाबालिग भांजा प्रत्यांशु नागेशिया के साथ स्कूटी (CG 12 L 1065) से दरी डेम की ओर घूमने निकले थे।
जैसे ही वे NTPC गेट नंबर-2 के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को तत्काल NTPC के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि हादसा किसी हाइवा (भारी वाहन) से हुआ है।