कोरबा/कुसमुंडा।
ऑल इंडिया लीनेस क्लब निहारिका कुसमुंडा इकाई के जूनियर क्लब सरस्वती और शारदा द्वारा कुसमुंडा स्थित गायत्री मंदिर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर की प्रमुख सुश्री पुनीता कौशिक ने की। मुख्य अतिथि के रूप में एकता महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती नीतू शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रूपा सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री माता की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद सभी अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
उद्बोधन की श्रृंखला में पुनीता कौशिक ने होली के पर्व पर सभी से आपसी रंजिश और द्वेष भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा दी। एकता महिला मंडल की अध्यक्ष नीतू शर्मा ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी के जीवन में होली के रंगों की तरह खुशियां और समृद्धि की कामना की।
लीनेस क्लब की अध्यक्ष हेमा शर्मा ने जूनियर क्लब की अध्यक्ष पूजा दीवान और अंशु महंत को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार सामाजिक समरसता और एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं से समाज में आगे बढ़ने और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को जलपान कराया गया तथा महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुनीता कौशिक ने सुंदर फाग गीत भी प्रस्तुत किया, जिस पर उपस्थित महिलाओं ने गीत-संगीत और नृत्य के साथ होली का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में सीनियर और जूनियर क्लब की सचिव संगीता वर्मा, चांदनी प्रजापति, कोषाध्यक्ष सुधा चौबे, श्रीया कैवर्त्य सहित क्लब की पदाधिकारी और सदस्य तनु मुखर्जी, जयंती तिवारी, निर्मला महंत आदि उपस्थित रहीं।
इसके अलावा मोगरा मंडल की महामंत्री अनीता राजपूत, पूर्व उपाध्यक्ष माधुरी कैवर्त्य, नारई बोध से बूथ अध्यक्ष शशि साहू तथा प्रेरणा महिला मंडल की सचिव बेबी साहू अपने साथियों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। सभी ने लीनेस क्लब के सेवा भाव और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे प्रेरणादायी कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कुसमुंडा के गायत्री मंदिर में लीनेस क्लब का होली मिलन समारोह, महिलाओं ने रंग-गुलाल के साथ मनाया उत्सव











