अब नहीं चलेगी मनमानी! पाम मॉल रोड पर अवैध पार्किंग करने वालों पर गिरेगी गाज

अब नहीं चलेगी मनमानी! पाम मॉल रोड पर अवैध पार्किंग करने वालों पर गिरेगी गाज

कोरबा। टी.पी. नगर स्थित पाम मॉल परिसर एवं उसके आसपास मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधा की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए आज थाना सिविल लाइन रामपुर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में पुलिस विभाग, नगर निगम, राजस्व विभाग एवं यातायात शाखा के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस निर्णय लिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों में नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा, जोन प्रभारी नगर निगम, तहसीलदार कोरबा, थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर, यातायात शाखा के अधिकारी एवं संबंधित चौकी प्रभारी शामिल रहे।
🚗 क्या लिया गया निर्णय?
बैठक में निर्णय लिया गया कि:
पाम मॉल के सामने एवं आसपास मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर क्रेन से वाहनों को हटाकर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
मॉल प्रबंधन को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने परिसर में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि सड़क पर वाहन खड़े न हों।
🚦 यातायात सुधार पर रहेगा फोकस
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।