कोरबा। जिले में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर सड़क पर तेज रफ्तार से कार दौड़ाने, अनावश्यक रूप से हूटर बजाकर पुलिस सायरन की नकल करने और आम लोगों को परेशान करने वाले एक कार चालक के खिलाफ यातायात अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 12 BB 9917 का चालक निहारिका क्षेत्र की सड़कों पर तेज गति से वाहन चलाते हुए हूटर बजा रहा था, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी असुविधा हुई। मामला संज्ञान में आते ही यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने बताया कि शिवा राठौर, पिता मुकेश कुमार, निवासी पथरीपारा द्वारा कार में अवैध रूप से ब्लैक फिल्म और हूटर लगाया गया था, जो यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस पर कुल 4300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात ASI मनोज कुमार राठौर ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को चालक के घर से लाकर यातायात थाना कोरबा में खड़ा कराया गया तथा कार से ब्लैक फिल्म और हूटर हटवाया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आम नागरिकों को परेशानी से बचाया जा सके।











