कोरबा | कटघोरा
भारतीय जनता पार्टी के नेता अक्षय गर्ग की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
आईजी संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में और एसपी सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया है। पुलिस ने मुख्य हमलावर और इस जघन्य हत्या की साजिश रचने वाले आरोपी को हिरासत में लिया है।
जांच में अब तक पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। हत्या में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर ली गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और चरणबद्ध तरीके से पूरे हत्याकांड का जल्द खुलासा किया जाएगा।











