October 1, 2026

छत्तीसगढ़ के कुसमुंडा धर्मपुर में दिखा दुर्लभ प्राकृतिक नज़ारा — पेड़ों पर झुंड बनाकर बैठे विशाल फ्लाइंग फॉक्स

fox

छत्तीसगढ़ कोरबा – जिले के कुसमुंडा धर्मपुर क्षेत्र में हाल ही में प्रकृति का एक बेहद अनोखा और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। एक ऊँचे पेड़ पर सैकड़ों की संख्या में उड़ने वाली लोमड़ियाँ (Fruit Bats / फ्लाइंग फॉक्स) दिनदहाड़े आराम करती दिखाई दीं। इतनी बड़ी संख्या में इन विशालकाय चमगादड़ों का एक साथ दिखाई देना लोगों के लिए जिज्ञासा और आकर्षण का कारण बन गया है।

दुनिया के सबसे बड़े चमगादड़ों में गिने जाने वाले फ्लाइंग फॉक्स के पंखों का फैलाव लगभग 5 फीट (1.5 मीटर) तक होता है। मेडागास्कर से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक फैले उष्णकटिबंधीय द्वीपों और एशिया के घने इलाकों में इनकी उपस्थिति मिलती है।
कुसमुंडा धर्मपुर में दिखाई देने वाली प्रजाति को विशेषज्ञ भारतीय उड़ने वाली लोमड़ी मानते हैं।

ये चमगादड़ दिन में पेड़ों की ऊँची डालियों पर उल्टा लटककर आराम करते हैं, जबकि रात के समय सक्रिय होकर फलों, फूलों और पेड़ के रस का सेवन करते हैं।
इनकी एक खास बात यह है कि ये अन्य चमगादड़ों की तरह इकोलोकेशन का उपयोग नहीं करते, बल्कि बेहद तेज दृष्टि के सहारे दिशा का पता लगाते हैं।

पर्यावरण विशेषज्ञ बताते हैं कि फ्लाइंग फॉक्स जंगलों में बीज फैलाव और परागण (Pollination) में अहम योगदान देते हैं, जिससे वनों का प्राकृतिक विकास होता है।
कुसमुंडा धर्मपुर में इनका इतना बड़ा झुंड दिखाई देना न सिर्फ एक अद्भुत दृश्य है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता का प्रमाण भी है।