कोरबा, 15 अक्टूबर। कोरबा जिले की दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की दीपका परियोजना में सोमवार दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक मजदूर गणेश राम, निवासी कुसमुंडा, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को तत्काल SECL नेहरू शताब्दी अस्पताल, गेवरा दीपका में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा खदान क्षेत्र में ब्लास्टिंग कार्य के समय हुआ। अचानक हुए तेज धमाके और उड़ते पत्थरों की चपेट में आने से गणेश राम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद सहकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के मुताबिक, मजदूर को सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। मजदूरों का आरोप है कि विस्फोट से पहले सुरक्षा दूरी और चेतावनी की प्रक्रिया को नज़रअंदाज़ किया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
इस घटना के बाद SECL प्रबंधन पर सुरक्षा लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।











