रामपुर: शादीशुदा महिला का अजब प्रेम प्रकरण, 15-15 दिन पति और प्रेमी संग रहने पर बनी सहमति

रामपुर: शादीशुदा महिला का अजब प्रेम प्रकरण, 15-15 दिन पति और प्रेमी संग रहने पर बनी सहमति

रामपुर (उत्तर प्रदेश)। कहते हैं कि प्यार अंधा होता है, इसमें न उम्र की सीमा देखी जाती है और न ही समाज के बंधन। रामपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा महिला ने पंचायत के सामने यह तय कर लिया कि वह 15 दिन पति और 15 दिन प्रेमी के साथ रहेगी।

मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले युवती की शादी पड़ोसी गांव के युवक से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही उसका प्रेम-प्रसंग टांडा थाना क्षेत्र के एक युवक से शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाहिता पिछले एक साल में कुल 10 बार अपने प्रेमी के साथ भाग चुकी है। हर बार पंचायत और परिजनों के दबाव में वह घर लौटी, लेकिन आखिरी बार महिला पति के पास वापस नहीं आई।

पति ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत अजीमनगर थाने में की। हालांकि उसने मुकदमा दर्ज कराने की बजाय पत्नी को प्रेमी के पास से वापस लाने की मांग रखी। पुलिस ने भी गंभीरता को समझते हुए महिला को बरामद कर पति को सौंप दिया।

लेकिन, हैरानी की बात यह रही कि महिला एक ही रात पति के घर में रहने के बाद फिर से 10वीं बार अपने प्रेमी संग फरार हो गई। अब पंचायत ने अनोखा फैसला लेते हुए महिला को 15-15 दिन पति और प्रेमी के साथ बारी-बारी से रहने की अनुमति दे दी है।

यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।