SECL की ठेका कंपनी नीलकंठ में बड़ा हादसा: सिलेंडर फटने से ऑपरेटर की मौके पर मौत

SECL की ठेका कंपनी नीलकंठ में बड़ा हादसा: सिलेंडर फटने से ऑपरेटर की मौके पर मौत

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में औद्योगिक सुरक्षा की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। खदान में कार्यरत ठेका कंपनी नीलकंठ में मशीन की मरम्मत के दौरान हुए भीषण हादसे में एक ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान संजय देवांगन के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से नीलकंठ कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीन रिपेयरिंग के दौरान अचानक सिलेंडर फट गया।
पुलिस के मुताबिक, मरम्मत के दौरान मशीन का पिस्टन तेज़ी से बाहर निकलकर संजय के सीने में जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में काम कर रहे दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक संजय देवांगन बलरामपुर जिले का निवासी था और अपने परिवार में चार बहनों का इकलौता भाई था। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों और सहकर्मियों ने ठेका कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि संजय से छुट्टी के दिन भी मिस्त्री का काम कराया जा रहा था, जबकि वह ऑपरेटर था। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।