मथुरा। वृंदावन से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के श्रीकृष्ण शरणम स्थित फ्लैट में अचानक आग लग गई। यह घटना फ्लैट नंबर 212 में देर रात उस समय हुई, जब आग की लपटें उठने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि आग लगने के वक्त संत प्रेमानंद जी महाराज वहां मौजूद नहीं थे।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात फ्लैट में बिजली के शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट के शीशे तोड़कर तेजी से आग पर काबू पाया। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
अब केलीकुंज आश्रम में रहते हैं प्रेमानंद जी महाराज
बताया जा रहा है कि प्रेमानंद जी महाराज पूर्व में इसी फ्लैट में निवास करते थे, लेकिन वर्तमान में वे वृंदावन के केलीकुंज स्थित आश्रम में रह रहे हैं। इसी वजह से इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कोई जनहानि नहीं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पुलिस के अनुसार, आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, आगजनी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग चिंता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
वृंदावन में संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में आग, देर रात मचा हड़कंप, वीडियो वायरल





