गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में सनसनी : चार दिन बाद तालाब से मिला लापता छात्र अर्सलान अंसारी का शव, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में सनसनी : चार दिन बाद तालाब से मिला लापता छात्र अर्सलान अंसारी का शव, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

बिलासपुर, 26 अक्टूबर (वेदांत समाचार)।
छत्तीसगढ़ के एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी बिलासपुर (GGU Bilaspur) से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चार दिन पहले यूनिवर्सिटी परिसर के अंदर बने तालाब से मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान अब लापता छात्र अर्सलान अंसारी के रूप में हुई है।

अर्सलान पिछले कुछ दिनों से रहस्यमय ढंग से गायब था, और अब उसकी मौत की खबर ने पूरे कैंपस को झकझोर दिया है। गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर के तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई अयूब अंसारी ने प्रशासन और पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब वे बिलासपुर पहुंचे, तो उन्हें सिर्फ फोटो दिखाया गया लेकिन भाई का शव नहीं दिखाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें जबरदस्ती एक कमरे में बंद रखा और मीडिया या बाहरी लोगों से मिलने नहीं दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि कोनी पुलिस थाने ने उनकी शिकायत पर FIR दर्ज करने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि लगातार आग्रह करने के बावजूद पुलिस और प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया।


छात्रों में आक्रोश, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

इस घटना के बाद गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी के छात्रों में जबरदस्त आक्रोश है। छात्रों का कहना है कि यह पूरी तरह से प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। तीन दिन तक छात्र गायब रहा, लेकिन किसी अधिकारी को इसकी भनक तक नहीं लगी। शव मिलने के बाद ही विश्वविद्यालय ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जब मीडिया ने यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों और अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, तो अधिकांश ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बातचीत से बचते नजर आए।